
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और प्रीति ज़िंटा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बटवारा 1947’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच, दोनों अभिनेताओं ने शुक्रवार (7 अगस्त) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी के आधिकारिक आवास पर हुई। उन्होंने सनी और प्रीति को हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भेंट कीं और तीनों ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं। बाद में मुख्यमंत्री योगी ने अपने ट्विटर हैंडल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा,“प्रख्यात फिल्म अभिनेता सनी देओल एवं अभिनेत्री प्रीति जिंटा से आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट हुई। सनी देओल ने भी इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कीं और लिखा, लखनऊ के दौरान, उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर बहुत खुशी हुई, उनके साथ बहुत ही सुखद और आत्मीय बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान सीएम योगी ने दोनों कलाकारों को भगवान की मूर्तियां भेंट कीं। सनी देओल ने भी सीएम को राम लला की मूर्ति भेंट की।
बटवारा 1947: फिल्म के बारे में
राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित, ‘ बटवारा 1947’ भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है । यह फिल्म प्रेम, त्याग और साहस की कहानी बयां करती है। सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा, फिल्म में शबाना आज़मी, करण देओल, अली फज़ल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने कथित तौर पर ‘बटवारा 1947’ को बिना किसी काट-छांट या बदलाव के मंजूरी दे दी है।



