
(अराधना)
आम का सीजन शुरू होते ही बाजारों में आम बिकने लगे है। फलों का राजा कहे जाने वाला आम सभी को पसंद आता है। आम कच्चे हो या पके दोनो ही तरह से लोग इसे खाना पसंद करते है। इस मौसम में लोग कच्चे आम की खठ्ठी-मीठी चटनी खाना बेहद पसंद करते है। इसका नाम सुनते ही मुह में पानी आने लगता है।

कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी न सिर्फ खाने में स्वाद लगती है बल्कि गर्मियों में सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। नानी-दादी के हाथ से बनें कच्चे आम की चटनी की तो बात ही अलग है। अगर आप भी नानी और दादी के हाथ जैसे बनें चटनी का स्वाद चखना चाहते है तो आजमाएं ये तरीका, इससे चटनी बहुत स्वादिष्ट बनेगी।
कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी बनाने के लिए सामग्री
कच्चे आम – 500 ग्राम, चीनी- 1 कप , खजूर- 6-7 (बारीक पतले कटे हुए), लाल मिर्च पाउडर- 1/4 चम्मच, भुने जीरे का पाउडर- 1/2 चम्मच, सोंठ पाउडर- 1/4 चम्मच, काला नमक- 1/2 चम्मच, नमक- स्वादानुसार
चटनी बनाने की विधि
कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी बनाने के लिए सबसे पहले आम को धोकर उसका पानी सुखाकर छील लें। आम के गूदे को कद्दूकस कर लीजिए। अब एक कढ़ाही गर्म करके इसमें कद्दूकस किया हुआ आम का गूदा डालें। इसमें चीनी और आधा कप पानी, नमक और काला नमक डालकर मिक्स करने के बाद ढककर अच्छे से उबाल आने तक पकाएं।

ध्यान रखें इसे बीच बीच में चम्मच की मदद से हिलाते रहें। उबाल आने के बाद, इसे चैक करके देखें। इसमें अदरक पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और जीरा और खजूर डालकर मिलाकर चटनी को मध्यम आंच पर गाढ़ा होने तक पकाएं। जैसे ही चटनी गाढ़ी हो जाए समझ जाए कि चटनी बनकर तैयार है। चटनी को किसी बर्तन में निकाल लीजिए। इस चटनी को फ्रिज में रखकर 1 से 2 महीने तक उपयोग में लाया जा सकता है।