
देहरादून: भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बुधवार को जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें। नदियों, नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का सख्ती से पालन करें।
मंगलवार देर रात से हुई भारी बारिश के कारण देहरादून के तपकेश्वर महादेव मंदिर से होकर बहने वाली तमसा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जिले के खैनूड़ी गांव को जोड़ने वाली सड़क को भूस्खलन से क्षतिग्रस्त होने के बाद प्राथमिकता पर बहाल करने के निर्देश दिए थे, जिससे करीब 120 परिवारों की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई थी।




