UP चुनाव के बीच आज BJP में शामिल होंगे RPN सिंह, कांग्रेस से दिया इस्तीफा

यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। वह आज दोपहर 3 बजे बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक BJP कुशीनगर की पडरौना विधानसभा सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ आरपीएन सिंह को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है।

इसी चर्चा के बीच आरपीएन सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल का बायो बदल दिया है। उन्होंने यहां से कांग्रेस पार्टी से जुड़े पद की जानकारी को हटा दिया है। इसके अलावा उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी भेजा है। सिंह ने ट्वीट किया कि आज जब पूरा देश गणतंत्र दिवस मना रहा है, मैं अपने राजनीतिक जीवन में एक नया अध्याय शुरू कर रहा हूं। जय हिन्द।

  • आरपीएन सिंह के पार्टी छोड़ने पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस यह लड़ाई लड़ रही है, इसके लिए मजबूत होना जरूरी है।
  • तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरपीएन के भाजपा में शामिल होने पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा, ‘हैवीवेट’ या ‘डेडवेट’? जिन लोगों ने दशकों से एक भी सीट नहीं जीती है, वे चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने पर पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि आरपीएन सिंह उस शर्मनाक सूची में शामिल हो गए जिसमें जितिन प्रसाद और ज्योतिरादित्य सिंधिया थे। आपको बता दें कि दोनों कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने कल ही अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें आरपीएन सिंह को भी शामिल किया गया है।

स्वामी प्रसाद मौर्य के सामने लड़ेंगे आरपीएन सिंह?

आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा काफी समय से चल रही थी। अगर आरपीएन सिंह बीजेपी में आते हैं तो बीजेपी उन्हें कुशीनगर की पडरौना विधानसभा सीट से स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ चुनाव लड़ सकती है। बता दें कि आरपीएन सिंह पिछड़ी जाति सैंथवार-कुरमी से हैं। पूर्वांचल में सैंथवार जाति के लोगों की अच्छी खासी संख्या है। कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया इसमें विशेष क्षेत्र हैं। पूर्वांचल में भी आरपीएन सिंह की मजबूत पकड़ है।

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने सोमवार को ही पहले चरण के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। 10 फरवरी को होने वाले इस चुनाव के लिए कुल 30 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया था। इसमें पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, राज बब्बर, सचिन पायलट, कन्हैया कुमार के नाम भी शामिल हैं।

LIVE TV