
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर कला में दहेज प्रताड़ना का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 24 वर्षीय विवाहित प्रतिभा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने दहेज न देने पर प्रतिभा का गला घोंटकर हत्या कर दी।
प्रतिभा की शादी को करीब तीन साल हुए थे और वह तीन माह की गर्भवती थी। मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कार और कीमती सामान की लगातार मांग कर रहे थे। जब प्रतिभा मांग पूरी नहीं कर पाई तो उसे लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



