
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चार धाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से स्वागत करते हुए अपील की कि वे देवभूमि उत्तराखंड के शांत वातावरण का पूरा आनंद लें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
सीएम धामी ने कर्णप्रयाग और नागरासू घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यात्रा आंकड़े
मुख्यमंत्री ने बताया कि चार धाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। हेमकुंड साहिब यात्रा में भी पिछले वर्ष की तुलना में 20-25 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे तीन प्रमुख सिख तीर्थ स्थल हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
धामी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि विवादों का समाधान संवाद और सद्भाव से ही संभव है।



