
वृंदावन के रुकमणि विहार में ओमेक्स के निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में देर रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक शटरिंग और ढलाई की सामग्री ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में एक नेपाली मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक का नाम शिवराम है, जो सिमरी, कैलाली (नेपाल) का रहने वाला था। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। तीन घायलों में से एक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय से आगरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ओमेक्स के जनरल मैनेजर आरके जैन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि रात 8 बजे से सुबह तक ढलाई का काम चल रहा था और मौके पर 10 से 12 मजदूर मौजूद थे। अचानक हुए हादसे में चार मजदूर चपेट में आए, जिनमें से एक की मौत हो गई। मॉल का निर्माण कार्य 7 अगस्त से शुरू हुआ था। परियोजना में दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस 7 मंजिल की इमारत प्रस्तावित है।



