प्रवासियों ने दुनिया में भारतीय संस्कृति को रखा है जीवित : शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराजइंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां गुरुवार को कहा कि विश्व की सभी समस्याओं का हल भारतीय सोच और चिंतन के जरिए किया जा सकता है। यह गर्व का विषय है कि प्रवासी भारतीय आज भी विदेशों में भारत के जीवन मूल्यों और संस्कृति को जीवित रखे हुए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को यहां ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी कन्क्लेव’ का शुभारंभ करने के बाद 23 देशों से आए अप्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में एनआरआई की समस्याओं के निराकरण के लिए एक सेल बनाया जाएगा। ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ के सदस्यों द्वारा विदेशों में उल्लेखनीय कार्य किए जाने पर उन्हें मध्यप्रदेश रत्न से सम्मानित किया जाएगा।

चौहान ने प्रवासी भारतीयों से कहा, “आप सभी मध्यप्रदेश से जुड़े रहें, हम आपको पूरा स्नेह और प्यार देंगे। समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके साल 2022 तक न्यू इंडिया बनाने के संकल्प के साथ ही मध्यप्रदेश को भी न्यू मध्यप्रदेश बनाने के प्रयास जारी है। आज मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ता विकसित राज्य है। पिछले 12 वर्ष में प्रत्येक क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।”

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान से जारी ‘जाधव वीडियो’ को भारत ने बताया फर्जी, कहा- दबाव में दिलवाया गया बयान

चौहान ने अतिथियों को बताया, “बिजली उपलब्धता में मध्यप्रदेश अब पवर सरप्लस स्टेट बन चुका है। प्रदेश अब दूसरे राज्यों को बिजली दे रहा है। रीवा में 750 मेगावाट का सोलर पावर प्लांट तैयार हो रहा है। भोजन पकाने में सोलर एनर्जी के उपयोग के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षिप्रा नदी को नर्मदा से जोड़ने के बाद अब जहां कम पानी है, वहां पानी पहुंचाने की दिशा में प्रदेश अग्रसर है।”

मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय कार्यो का जिक्र करते हुए चौहान ने बताया कि बेटी बचाओ अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अलावा बालिकाओं की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने में राज्य सरकार अग्रणी रहा है। महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ ही वन विभाग को छोड़कर शेष में नौकरी के लिये 33 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा मुहैया कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने विदेशों में रह रहे अप्रवासी युवाओं से कहा कि जब वे विदेश में सफल हो सकते हैं, तो उन्हें प्रदेश और देश के लिए भी योगदान करना चाहिए। मध्यप्रदेश सरकार की कोशिश है कि जो उद्यमी विदेशों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं, उन्हें मध्यप्रदेश से जोड़ा जाए।

यह भी पढ़ें:- मध्यप्रदेश पहुंची पुणे हिंसा की आग, वाहनों में तोड़फोड़, आठ हिरासत में

कन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने विदेशों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रवासी सतिंदर सिंह रेखी, जितेंद्र सिंह मुछाल, राजेश अग्रवाल, जी़ एस़ सरिन, सी़ पी़ गुरनानी, अनुराग असाटी और सुनील नायक को सम्मानित किया।

इस मौके पर महापौर मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव मोहम्मद सुलेमान और मुख्यमंत्री एवं जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव एस़ क़े मिश्रा भी उपस्थित थे। प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने दीप जला कर कन्क्लेव का शुभारंभ किया। सुहासिनी जोशी ने मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया।

देखें वीडियो:-

LIVE TV