
उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज IFFCO मुख्यालय में IFFCO चेयरमैन दिलीप सांघानी से मुलाकात की। बैठक में राज्य के कृषि और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने IFFCO से अपील की कि वह उत्तराखंड में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी स्वास्थ्य सुधार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उर्वरकों के संतुलित उपयोग और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में अपनी भागीदारी बढ़ाए।
‘सेव फार्म्स, सेव लाइफ’ अभियान को बढ़ावा
दोनों नेताओं ने राज्य भर में ‘सेव फार्म्स, सेव लाइफ’ अभियान को बड़े स्तर पर चलाने और किसानों के हित में व्यापक कार्ययोजना बनाने का फैसला किया। साथ ही किसानों को वैज्ञानिक एवं टिकाऊ खेती की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
IFFCO चेयरमैन दिलीप सांघानी ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए कहा कि जल्द ही उत्तराखंड में किसानों का बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें IFFCO की भागीदारी, किसान कल्याण और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में IFFCO के मैनेजिंग डायरेक्टर केजे पटेल, मार्केटिंग मैनेजर योगेंद्र कुमार, उत्तराखंड से IFFCO डायरेक्टर उमेश त्रिपाठी, प्रदीप चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



