उत्तर प्रदेशरायबरेली

रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, मथुरा से काशी जा रही श्रद्धालुओं की बस पलटी, 8 घायल

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रविवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लालगंज क्षेत्र में ऐहार टोल प्लाजा के पास (किमी संख्या 486) श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस पलटने के बाद करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में बस में सवार आठ से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बस में पश्चिम बंगाल के 26 श्रद्धालु सवार थे। ये सभी तीर्थयात्री मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद आगे की यात्रा के लिए वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। घटना सुबह तड़के हुई, जिस कारण उस वक्त बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। बस के अचानक पलटने और घिसटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। यूपीडा की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुजीत कुमार राय ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके समुचित उपचार को लेकर जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button