
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। टैक्सी कर रहे स्पाइसजेट के एक विमान की अकासा एयर के खड़े विमान से टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
टैक्सी के दौरान हुई टक्कर, विंग्स को क्षति
स्पाइसजेट का बोइंग B737-700 विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सी कर रहा था, तभी वह अकासा एयर के स्थिर खड़े विमान से टकरा गया। टक्कर की वजह से स्पाइसजेट के दाहिने विंगलेट और अकासा एयर के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा। नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर स्पाइसजेट के इस विमान को ग्राउंड कर दिया है।
अकासा एयर ने जारी किया बयान
अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के समय उनका विमान स्थिर खड़ा था। हैदराबाद जाने वाली उड़ान को तुरंत रद्द कर सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन की ग्राउंड टीम अब यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है। प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मिडिल ईस्ट उड़ानों पर अकासा एयर का अपडेट
इस घटना के अलावा अकासा एयर ने मध्य पूर्व के मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर जानकारी दी। सुरक्षा आकलन के बाद जेद्दा से अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड की उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं। अबू धाबी सेवा को फिर से शुरू करने का मूल्यांकन धीरे-धीरे किया जा रहा है। यात्रियों को नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऐप चेक करने की सलाह दी गई है।




