कोरमा का नाम सुनते ही मन में नॉन वेज का ख्याल आ जाता है। नॉन वेज खाने वालों के लिए तो इसका ख्याल काफी लजीज होता है। लेकिन केवल वेज खाने वालों को मन मारना पड़ता है। ऐसे वेज खाने वालों के लिए हम स्पेशल स्पाईसी रेसिपी लेकर आए है। टेस्टी आज हम आपको वेज कोरमा बनाना सिखाएंगे। वेज कोरमा बनाने में थोड़ा वक्त भले ही लगता है लेकिन इसे खाने में जो मजा आता है उसके लिए आप कुछ भी कर सकते हैं। आइए जानें वेज कोरमा बनाने की रेसिपी।

सामग्री-
- पोस्ता दाने (खस-खस)- एक बड़ा चम्मच
- काजू- आधा कप
- नारियल आधा कप- कद्दूकस किया हुआ
- हरी मिर्च-1 से 2
- इलायची- एक छोटी
- लौंग-2
- काली मिर्च-4
- दालचीनी पाउडर- एक चुटकी
- प्याज बारीक कटा हुआ- एक
- टमाटर बारीक कटा हुआ- एक
- लहसुन-अदरक का पेस्ट- एक चम्मच
- फ्रेंच बीन्स बारीक कटी हुईं- आधा कप
- हरी मटर के दाने- आधा कप
- गाजर बारीक कटी हुई- आधा कप
- फूलगोभी बारीक कटी हुई- आधा कप
- आलू छिला और बारीक कटा हुआ- एक
- दही- आधा कप
- लाल मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- एक चम्मच
- हल्दी पाउडर- आधा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर- आधा छोटा चम्मच
- तेज पत्ता- एक
- नमक- स्वादानुसार
- हरी धनिया पत्तियां- बारीक कटी हुई

वेजिटेबल कोरमा बनाने की विधि-
- सबसे पहले ग्रेवी का पेस्ट तैयार कर लें। इसके लिए एक कप गर्म पानी में 15 मिनट के लिए पोस्ता दाने (खस-खस) भिगो दें। आधा कप गर्म पानी में काजू भी भिगो दें।
- इसके बाद खस-खस और काजू का पानी निकाल लें। फिर इन्हें एक मिक्सी जार मे डालकर मिक्सर में पीस लें।
- अब एक जार में नारियल, हरी मिर्च, छोटी इलायची, काली मिर्च, लौंग, दालचीनी पाउडर और एक चम्मच पानी डालकर इसे फिर से पीसें।
- सारी सामग्री को अच्छी तरह पीस कर ग्रेवी के लिए पेस्ट तैयार कर लें।
- अब सब्जी बनाने के लिए गैस पर बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें मटर, फ्रेंच बीन्स, फूलगोभी, आलू, गाजर और एक छोटा चम्मच नमक डालकर मध्यम आंच पर 5 मिनट तक उबालें।
- अब गैस बंद कर दें। सब्जियों का पानी एक बर्तन में अलग निकालकर रख दें।
- गैस पर पैन में तेल गर्म करें। इसमें तेज पत्ता और प्याज डालकर मध्यम आंच पर फ्राई करें।
- प्याज का रंग सुनहरा हो जाए तो पैन में अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 2 मिनट तक पकाएं।
- अब इसमें टमाटर डालकर नर्म होने तक पकाएं। तब तक दही को अच्छी तरह फेंट लें।
- इसके बाद पैन में खस-खस की ग्रेवी, दही, लाल मिर्च, धनिया, हल्दी और जीरा पाउडर डालकर मिलाएं। इसे 5 मिनट तक पकाएं।
- फिर ग्रेवी में उबली सब्जियां, सब्जी का बचा हुआ पानी और नमक डालें।
- अब सब्जी को धीमी आंच पर थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं। इसमें लगभग 8 से 10 मिनट लगेंगे। बीच-बीच में सब्जी चलाते रहें। इसके बाद गैस बंद कर दें।
- लीजिए तैयार है वेजिटेबल कोरमा। इसे हरी धनिया पत्तियों से गार्निश करके रोटी और चावल के साथ सर्व करें।