
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अप्रत्याशित मुलाकात ने सुर्खियां बटोर ली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के पुत्र और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ की भाजपा वरिष्ठ नेता राजेश भारद्वाज से लेमन ट्री होटल में शिष्टाचार भेंट हुई।
राजू भैया ने खुद इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। दोनों नेताओं के बीच पुराना राजनीतिक टकराव रहा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अतरौली सीट पर राजेश भारद्वाज भाजपा उम्मीदवार थे, जबकि राजू भैया की पत्नी प्रेमलता वर्मा उनके सामने थीं।
इस मुलाकात को कई समर्थक भाजपा की मजबूती और बड़े नेताओं के मिलन के रूप में देख रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे क्षेत्रीय राजनीति में नए समीकरणों की शुरुआत मान रहे हैं।



