IPL 2021: कोलकाता ने मुंबई पर दर्ज की बड़ी जीत, अय्यर-त्रिपाठी चमके, MI की राह हुई मुश्किल

यूएई के अबू धाबी में कोलकाता नाईटराइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए आईपीएल के इस सीजन के 34वें मुक़ाबले में कोलकाता ने मुंबई को बुरी तरह से मात दी। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाईटराइडर्स ने तीन विकेट खोकर केवल 15.1 ओवरों में इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी जीत की बदौलत कोलकाता नाईटराइडर्स पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

गुरुवार रात खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया। मुंबई इंडियंस की तरफ से ओपनिंग करने उतरे कप्तान रोहित शर्मा और डिकॉक ने अच्छी शुरुआत दी लेकिन रोहित 33 रन के स्कोर पर सुनील नारायण को अपना विकेट थमा बैठे। डिकॉक ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए अर्धशतक बनाया लेकिन टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जाने में असफल हुए। कोलकाता नाईटराइडर्स ने बढ़िया गेंदबाज़ी के बल पर खेल में वापसी की और मुंबई इंडियंस को 155 के स्कोर पर रोक दिया।

इस लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेंकटेश अय्यर और शुभमन गिल ने विस्फोटक शुरुआत दी। हालांकि गिल कुछ बढ़िया शॉट्स खेलने के बाद जल्दी आउट हो गए लेकिन उनके बाद आए राहुल त्रिपाठी और वेंकटेश अय्यर ने मिलकर मुक़ाबला एकतरफ़ा कर दिया। वेंकटेश ने मात्र 30 गेंदों में 4 चौके व 3 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। वहीं राहुल ने केवल 42 गेंदों में 8 चौके व 3 छक्कों की मदद से नाबाद 74 ठोक कर मुक़ाबला मुंबई इंडियंस के हाथों से छीन लिया। मुंबई इंडियंस की तरफ से सिर्फ जसप्रीत बुमराह ने ही अच्छी गेंदबाज़ी करते हुए तीनों विकेट झटके।

दूसरे चरण में ज़बरदस्त वापसी करते हुए दोनों मुक़ाबले में जीत दर्ज कर कोलकाता नाईटराइडर्स ने पॉइंट्स टेबल पर ज़बरदस्त वापसी की है। कोलकाता चौथे स्थान पर काबिज़ हो गयी है, तो वहीँ मुंबई फिसलकर छठे स्थान पर पहुँच गई है। इसी हार के साथ मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ तक पहुंचने की राह और मुश्किल हो गई है।

LIVE TV