
कोरोना के नए म्यूटेंट वेरियंट ओमाइक्रोन से मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। किसी दूसरे देश की यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को 31 जनवरी तक राहत नहीं मिलने वाली है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जनवरी तक जारी रखने का फैसला किया है।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने गुरुवार शाम जारी एक आदेश में यह जानकारी दी। DGCA ने अपने आदेश में कहा कि सभी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 जनवरी 2022 तक जारी रहेगा। DGCA ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध ऑल-कार्गो फ्लाइट (All-Cargo Flight) और स्पेशल मंजूरी प्राप्त फ्लाइट के लिए नहीं है।
कुछ मार्गों पर उड़ानें स्वीकृत की जा सकती हैं
डीजीसीए ने कहा कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए 26 नवंबर 2021 को जारी सर्कुलर में कुछ बदलाव किए गए हैं। प्राधिकरण ने कहा कि निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को केस-ऑन-केस के आधार पर चुनिंदा रूटों के लिए मंजूरी दी जा सकती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के साथ ही सभी एयरपोर्ट संचालकों को भेजे गए इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

डीजीसीए का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत में भी ओमाइक्रोन के कई मामले सामने आ चुके हैं। माना जा रहा है कि कोरोना का यह रूप टीका लगाए गए लोगों को भी संक्रमित कर सकता है। इससे पहले उड्डयन मंत्रालय ने 15 नवंबर को कहा था कि 15 दिसंबर से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। उस समय ओमाइक्रोन संस्करण का कोई मामला नहीं था। कोरोना महामारी के चलते भारत में 23 मार्च 2020 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद हैं। बाद में पिछले साल जुलाई से लगभग 28 देशों के साथ बबल व्यवस्था के तहत उड़ानों को मंजूरी दी गई। फिलहाल भारत का 32 देशों के साथ बबल अरेंजमेंट है।