
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। यह बैठक दोनों देशों के बीच संबंधों को रीसेट करने और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 2023 के कूटनीतिक विवाद के बाद यह पहली ऐसी उच्च-स्तरीय यात्रा है।
दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, कृषि, शिक्षा, रिसर्च, इनोवेशन और एआई जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। कई MoU पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, इसके बाद संयुक्त प्रेस बयान जारी होगा।
इससे पहले कार्नी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की, जहां सकारात्मक बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश अब आपसी सम्मान, लोगों के बीच मजबूत संबंध और आर्थिक पूरकता पर आधारित संतुलित साझेदारी आगे बढ़ा रहे हैं।
दोपहर करीब 1:50 बजे भारत मंडपम में भारत-कनाडा सीईओ फोरम होगा, जिसमें दोनों पीएम शामिल होंगे। कार्नी शाम 6 बजे स्वदेश लौटेंगे।
कार्नी ने दिल्ली पहुंचकर कहा कि भारत और कनाडा आत्मविश्वासी देश हैं, जो ऊर्जा, टैलेंट, इनोवेशन और एआई में नई साझेदारी बनाकर लोगों की सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित कर सकते हैं।


