
लखनऊ में अपराधियों के हौसले अब सेफ सिटी प्रोजेक्ट तक पहुंच गए हैं। शहीद पथ और गोमती नगर विस्तार इलाके में चोरों ने 25 अप्रैल की रात लगभग 40 CCTV कैमरे और उनके कीमती उपकरण चोरी कर लिए। चोरों ने कैमरों के बॉक्स खोलकर स्विच, बैटरी और यूपीएस समेत करीब 1.25 लाख रुपये का सामान उड़ा लिया।
इस चोरी से शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक मॉनिटरिंग व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। ये कैमरे आईपीएल मैचों के दौरान भीड़ और वीआईपी मूवमेंट पर नजर रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। चोरी के कारण शहीद पथ की ‘तीसरी आंख’ पूरी तरह अंधी हो गई है।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में जुटी टीम दोषियों की तलाश कर रही है।



