
कानपुर के लालबंगला बाजार में दहशत फैलाने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी यश राजपूत को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे बुधवार को बाजार क्षेत्र में पैदल घुमाया। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद स्थानीय व्यापारियों और लोगों के मन में बैठे डर को दूर करना था। इस दौरान यश राजपूत लोगों से माफी मांगता नजर आया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि यश राजपूत ने कुछ महीने पहले बाजार में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए साथियों के साथ फायरिंग की थी और कई बम भी फोड़े थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मंगलवार रात पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। इस दौरान यश ने पुलिस टीम पर तमंचे से दो राउंड फायरिंग भी की, जिसमें एक सिपाही बाल-बाल बचा।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के लिए आरोपी को बाजार में करीब दो किलोमीटर तक पैदल घुमाया गया।



