इटावा जिले के भरथना कोतवाली क्षेत्र के चंदेठी गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पति सतेंद्र ने मुकेश की मदद से अपनी पत्नी निर्मला और सास पुष्पा की निर्मम हत्या कर दी। दोनों महिलाओं को पहले शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेसुध किया गया, फिर उनके गले रेत दिए गए।
घटना 15 अगस्त की रात की बताई जा रही है। 16 और 17 अगस्त को दूध पहुंचाने आए राजीव ने बार-बार दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने पर संदेह जताया। ग्रामीणों ने घर में घुसकर देखा तो खाट पर पुष्पा और जमीन पर निर्मला का शव पड़ा मिला। दोनों के शव खून से लथपथ थे।
हत्या की वजह रुपये का विवाद
निर्मला की शादी 26 अप्रैल 2021 को सतेंद्र से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद निर्मला को पता चला कि पति के संबंध उसकी भाभी की बहन से हैं। विवाद बढ़ने पर वह करीब छह महीने बाद मायके आ गईं। 2023 में उन्होंने घरेलू हिंसा और भरण-पोषण का मुकदमा दायर किया। कोर्ट ने तीन अगस्त को सतेंद्र को हर महीने सात हजार रुपये भरण-पोषण और करीब तीन लाख रुपये बकाया भुगतान का आदेश दिया था।
13 अगस्त को कचहरी में सतेंद्र और उसके जीजा विजय ने रुपये न देने की बात कही और अर्पित (निर्मला के भाई) को धमकी भी दी थी। पुष्पा और निर्मला घर में अकेले रहती थीं, क्योंकि पिता सुरेश चंद और दोनों बेटे बाहर नौकरी करते थे।
पुलिस जांच और गिरफ्तारी
छोटे भाई अर्पित की तहरीर पर पुलिस ने सतेंद्र, विजय, मुकेश और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के अनुसार मुख्य रूप से दो आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले और ग्रामीणों से पूछताछ की।
शाम को साम्हो रोड पर मुठभेड़ में साले मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकेश ने वारदात कबूल की। वह करीब 10 साल पहले सेना में सिपाही था, लेकिन ट्रैक्टर चोरी के मामले में कोर्ट मार्शल हो गया था। फिलहाल गांव में ट्रैक्टर चलाता था। पुलिस अब मुख्य आरोपी सतेंद्र की तलाश में जुटी है, जो अलीगढ़ के बिजौली ब्लॉक में सफाई कर्मचारी है।



