
Homemade Alsi Gel Benefits: बदलते मौसम और प्रदूषण के कारण त्वचा का रूखापन और बालों का बेजान होना एक आम समस्या बन चुका है। अगर आप भी अपनी त्वचा और बालों की देखभाल के लिए कोई आसान, असरदार और कम खर्च वाला तरीका ढूंढ रहे हैं, तो अलसी से बना जेल (Flaxseed Gel) आपके लिए एक बेहतरीन घरेलू विकल्प साबित हो सकता है। बाजार में मिलने वाले महंगे हेयर और स्किन केयर प्रोडक्ट्स की जगह आप घर पर ही शुद्ध अलसी जेल तैयार कर सकते हैं। अलसी में मौजूद प्राकृतिक गुण त्वचा को मुलायम बनाए रखने और बालों को एक शानदार शाइनिंग लुक देने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका और इस्तेमाल का सही ढंग।
अलसी जेल बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर अलसी जेल तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए बस नीचे दी गई कुछ बुनियादी चीजों की आवश्यकता होगी:
- अलसी के बीज: ½ कप
- पानी: 2 कप
- एलोवेरा जेल: 1 बड़ा चम्मच (वैकल्पिक)
- विटामिन E कैप्सूल: 1 (वैकल्पिक)
- अन्य: छानने के लिए सूती कपड़ा या बारीक छलनी और एक साफ कांच का जार
अलसी जेल बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
- उबालें: सबसे पहले एक पैन में पानी और अलसी के बीज डालकर मध्यम आंच पर गर्म होने के लिए रख दें।
- चलाते रहें: मिश्रण को बीच-बीच में लगातार चलाते रहें। करीब 7 से 10 मिनटबाद पानी धीरे-धीरे गाढ़ा होकर जेल का रूप लेने लगेगा।
- कंसिस्टेंसी चेक करें: जब मिश्रण हल्का चिपचिपा और जेल जैसा दिखने लगे, तो तुरंत गैस बंद कर दें। ध्यान रहे कि इसे बहुत ज्यादा गाढ़ा न होने दें, वरना छानने में दिक्कत होगी।
- छान लें: जेल को हल्का ठंडा होने दें। इसके बाद एक सूती कपड़े या बारीक छलनी की मदद से इसे अच्छी तरह निचोड़कर छान लें।
- एक्स्ट्रा न्यूट्रिशन के लिए (प्रो-टिप): यदि आप इस जेल के फायदों को दोगुना करना चाहते हैं, तो तैयार जेल में 1 चम्मच एलोवेरा जेलऔर 1 विटामिन E कैप्सूल का ऑयल मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को अच्छी तरह व्हिस्क (मिश्रण को फेंटना) कर लें।
त्वचा के लिए इस्तेमाल करने का सही तरीका
यह जेल त्वचा के लिए नेचुरल बोटॉक्स (Natural Botox) की तरह काम करता है और चेहरे को हल्का हाइड्रेटेड रखता है।
- सबसे पहले अपने चेहरे को साफ पानी से धो लें।
- अब कॉटन (रुई) या उंगलियों की मदद से इस जेल को चेहरे पर लगाएं।
- इसे 20 मिनट के लिए चेहरे पर लगा रहने दें।
- जब जेल सूख जाए और त्वचा में हल्का खिंचाव महसूस होने लगे, तो ठंडे पानी से चेहरा धो लें।
महत्वपूर्ण सलाह: हालांकि अलसी जेल पूरी तरह प्राकृतिक और सुरक्षित है, लेकिन किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे पर सीधे लगाने से पहले एक बार पैच टेस्ट (Patch Test) जरूर कर लें।




