महाराष्ट्र में पिछले चार दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने मुंबई, पुणे और आसपास के जिलों में भारी तबाही मचाई है। भूस्खलन, जलभराव और इमारत गिरने की घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में खोले गए ‘मिसिंग लिंक’ की सुरंग में तेजी से पानी रिसने और जलभराव के कारण प्रशासन ने इसे तत्काल बंद कर दिया है। विपक्ष ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
कर्जत के पास मलबा गिरने से मुंबई-पुणे रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। मानखुर्द में तीन मंजिला चाल ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सभी स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों को भी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम फडणवीस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा टालें और किसी भी पर्यटन स्थल या जलप्रपात के पास न जाएं।


