
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही चेकिंग के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास बिना नंबर की बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भाग निकले। पीछा करने पर उन्होंने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी कार्रवाई में रईस घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक रईस प्रेमनगर क्षेत्र में दो साल पहले हुई गोकशी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने गोकशी के लिए टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करने की बात स्वीकार की।



