
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शुक्रवार को हुए विवाद में राजू शर्मा (37) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गुस्साए परिजनों ने रविवार को भी शव को दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन किया और 48 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने, 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी के घर के सामने वाली सड़क जाम करने की मांग रखी है। शाम को प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। बातचीत बेनतीजा रही।
पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में पांच महिलाओं समेत आठ लोग घायल हुए थे।
गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वे अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।




