
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार की मंत्रिमंडल बैठक आज धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित होने जा रही है। हरिद्वार के केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, आवास, शहरी विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।
बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री धामी अपने तमाम कैबिनेट मंत्रियों के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा का विधिवत पूजन और आरती करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और जनसमस्याओं को नजदीक से समझने के लिए प्रदेश के हर जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की पहल की है। इस शृंखला की पहली कैबिनेट बैठक चंपावत में आयोजित की गई थी, जिसके बाद अब यह दूसरी बैठक हरिद्वार में होने जा रही है। इस बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के आयोजन की तारीख और स्थान तय होने के भी पूरे आसार हैं, क्योंकि संवैधानिक नियमों के तहत सरकार को 30 अक्टूबर से पहले विधानसभा का सत्र आहूत करना अनिवार्य है।
हरिद्वार में होने वाली इस महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता और समापन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में उत्तराखंड में कृषि विकास, किसानों के कल्याण और केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा की जाएगी।



