रामचरितमानस विवाद को लेकर घमासान जारी, स्वामी प्रसाद मौर्य को चुनौती देने वाली महिला नेताओं को सपा ने किया निष्कासित
रामचरितमानस को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर टिप्पणी करना समाजवादी पार्टी की नेता डा. रोली तिवारी मिश्रा और ऋचा सिंह को भारी पड़ गया। बता दे कि, रामचरितमानस विवाद को लेकर घमासान मचा हुआ है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने पूर्व प्रवक्ता और राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य रोली तिवारी मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनके निष्कासन को लेकर पार्टी ने कोई वजह नहीं बताई। हालांकि उनके निष्कासन को पार्टी लाइन से हटकर रामचरित मानस के सम्मान में यात्रा निकालने की घोषणा से जोड़ा जा रहा है।

मौर्य के बयान का किया था विरोध
सपा सरकार में रोली तिवारी राज्य महिला आयोग की सदस्य थीं। फिर पार्टी ने इन्हें प्रदेश प्रवक्ता बनाया। वर्तमान में इनके पास कोई दायित्व नहीं था। रामचरित मानस की पंक्तियों को लेकर पिछले दिनों सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने टिप्पणी की। इस टिप्पणी का रोली तिवारी ने विरोध किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट की। रामचरित मानस सम्मान यात्रा निकालने का एलान कर दिया था। बृहस्पतिवार को उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।