उत्तराखंडदेश

दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम पुष्कर सिंह धामी: दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे और EAP कैपिंग में छूट समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मांगा केंद्र का सहयोग

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और राज्य के समग्र विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का मार्गदर्शन एवं सहयोग मांगा।इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार, सड़क और रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उत्तराखंड के सामरिक, आध्यात्मिक और पर्यटन महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग ने प्रदेश के विकास को नई रफ्तार दी है।

मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को देवभूमि की समृद्ध लोककला और स्थानीय उत्पादों से जुड़े पारंपरिक उपहार भेंट किए, जिनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोटपट्टी, पारंपरिक ऊनी परिधान ‘डोरखा’, शुद्ध हिमालयी शहद, बद्री घी, हर्षिल की राजमा, लाल चावल और आगामी हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति शामिल थी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के समक्ष राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखते हुए उन पर केंद्र की स्वीकृति का अनुरोध किया।इनमें उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और सीमित संसाधनों वाले राज्य को बाह्य सहायतित परियोजनाओं (EAP) की कैपिंग से छूट देना, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण व नागरिक-सैन्य उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता प्रदान करना, कुमाऊं क्षेत्र में कनेक्टिविटी व पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण को मंजूरी देना और टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर रोड-कम-रेल ट्रैक टनल के निर्माण के साथ अतिरिक्त अलाइनमेंट के फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को स्वीकृति देना प्रमुख रूप से शामिल रहा।

सीएम धामी ने राज्य को मिल रहे निरंतर केंद्रीय समर्थन के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये, पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत लगभग 9,500 करोड़ रुपये और स्मार्ट मीटरिंग व बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु आरडीएसएस (RDSS) के अंतर्गत 3,436.08 करोड़ रुपये की मंजूरी के लिए धन्यवाद दिया।

इसके अलावा, उन्होंने चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये, प्रमुख चारधाम यात्रा स्थलों पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावरों की स्थापना, 1,200 करोड़ रुपये की देहरादून रिंग रोड परियोजना के अलाइनमेंट की मंजूरी, देहरादून-मसूरी रोपवे के लिए वन स्वीकृति, मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार (देहरादून की ओर) तक आरआरटीएस (RRTS) विस्तार के फिजिबिलिटी अध्ययन और ऋषिकेश में यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग अध्ययन में केंद्र के सहयोग की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, साथ ही नई वेडिंग डेस्टिनेशन नीति के तहत चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में नए हब प्रस्तावित हैं।

आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बेलकेदार (पौड़ी गढ़वाल), अंजनिसैंण व टिहरी (टिहरी गढ़वाल) और लोहाघाट व श्यामलाताल (चंपावत) में तीन आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (Spiritual Economic Zones) चिह्नित किए गए हैं। शीतकालीन पर्यटन को गति देने के लिए चारधाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों की यात्रा शुरू की गई है, जहां जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउस में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।

19 अप्रैल 2026 तक 73,000 से अधिक श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा और 73,041 यात्री आदि कैलाश के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, आदि कैलाश परिक्रमा रन, माणा घाटी मैराथन, टिहरी लेक में सम-एक्रो फेस्टिवल, औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित किए जा रहे हैं।

स्थानीय उत्पादों और शिक्षा के मोर्चे पर भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। आईटीबीपी (ITBP) के साथ हुए समझौते के तहत स्थानीय सहकारी समितियों ने 2.18 लाख किलोग्राम मांस (7,255 बकरियों से) और 30 टन मछली की आपूर्ति की है।राज्य का अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ 6.9 करोड़ रुपये के टर्नओवर तक पहुंच गया है, जिसके पास 22 पंजीकृत ट्रेडमार्क (11 जीआई टैग सहित) हैं और इसके उत्पाद अमेजन, ओएनडीसी, जियोमार्ट, बिगबास्केट व ब्लिंकिट जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म पर बिक रहे हैं।

एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड पहले स्थान पर रहा है और सभी जिलों में ‘एक जिला, एक मेला’ आयोजित करने की तैयारी है।शिक्षा के क्षेत्र में पहाड़ी इलाकों में 559 क्लस्टर स्कूल चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 331 का मूल्यांकन और 93 को मंजूरी मिल चुकी है।’

भारत दर्शन’ शैक्षिक भ्रमण के तहत 379 मेधावी छात्रों ने देश के प्रमुख संस्थानों का दौरा किया और अब इसी तर्ज पर ‘उत्तराखंड दर्शन’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। अंत में सीएम धामी ने मुख्य सचिवों के सम्मेलन में दिए गए प्रधानमंत्री के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाते हुए ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराया।

Related Articles

Back to top button