
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले में हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाले पर नवनिर्मित 120 मीटर स्पैन वाले डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का निर्माण 9.93 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के चोरगलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, लखनमांडी का दौरा किया। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मावाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रियाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान सीएम धामी ने स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने शेर नाले पर बने नए पुल का उद्घाटन किया। मानसून में शेर नाले में पानी बढ़ने से आवागमन बाधित होता था और लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। नए पुल से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सुरक्षित व सुचारु कनेक्टिविटी मिलेगी। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सीएम धामी ने गौलापार स्थित नंधौर गढ़ पैलेस में नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।




