
ब्राजील के मौजूदा राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी माने जाने वाले दक्षिणपंथी नेता फ्लेवियो बोल्सोनारो को हराकर ऐतिहासिक रूप से चौथी बार राष्ट्रपति पद जीता है, और सभी अनुमानों को गलत साबित करते हुए लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े लोकतंत्र के शीर्ष पर बने रहने का गौरव हासिल किया है। लूला दा सिल्वा को 51.75 प्रतिशत वोट मिले, जबकि बोल्सोनारो को 48.25 प्रतिशत वोट मिले। सिल्वा की जीत ने दक्षिण अमेरिका में चल रही उस रूढ़िवादी लहर को रोक दिया है, जिसके चलते अर्जेंटीना, चिली, कोलंबिया और पेरू जैसे देशों में दक्षिणपंथी विचारधारा हावी हो गई थी।
उन्होंने अपनी जीत के बाद कहा हमने लोगों को यह समझाने में कामयाबी हासिल की कि ब्राजील में लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी हस्तक्षेप को विफल कर दिया। हम इस देश को चलाने के तरीके को बदलेंगे, हम लोगों को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक से अधिक शामिल करेंगे। लूला दा सिल्वा की जीत के बाद उनके समर्थकों में जश्न का माहौल छा गया। लूला की वर्कर्स पार्टी के प्रमुख एडिन्हो सिल्वा ने सोशल मीडिया पर कहा, “लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक मोड़।
मतदान में थोड़ी अफरा-तफरी भी देखने को मिली, जब सुप्रीम कोर्ट ने सिल्वा के अनुरोध पर मतदान का समय दो घंटे के लिए बढ़ा दिया। सिल्वा ने कहा था कि कई शहरों में बसों को परिचालन से हटा दिया गया था, जिससे नागरिकों को मतदान करने में बाधा आ रही थी। सिल्वा के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बोल्सोनारो पर चुनाव को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए बसों की उपलब्धता कम करने का आरोप लगाया। लेकिन इसके विपरीत, बोल्सोनारो ने भारी बारिश के बाद कुछ क्षेत्रों में मतदान की अवधि बढ़ाने का भी आग्रह किया था। इससे दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच बहस छिड़ गई, जिसमें सिल्वा के समर्थकों ने कहा कि हर किसी को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए।


