
उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तालबेहट के शिव मंदिर से गोद भराई (फलदान) की रस्म पूरी कर लौट रहे परिवार की बोलेरो गाड़ी डोंगरी गांव के पास सोमवार देर रात अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दूल्हे आनंद कुशवाहा समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें झांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामरोन कला के रहने वाले हनुमंत कुशवाहा के पुत्र आनंद (23) की शादी तालबेहट के रिजावर गांव में तय हुई है। सोमवार को तालबेहट कस्बे के एक शिव मंदिर में फलदान का कार्यक्रम था। इस मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार और रिश्तेदार चार अलग-अलग गाड़ियों (दो में महिलाएं और दो में पुरुष) से वहां पहुंचे थे।
कार्यक्रम के बाद जब सभी लोग खुशी-खुशी अपने गांव डामरोन कला वापस लौट रहे थे, तभी रात के वक्त डोंगरी गांव के पास स्थित इंडियन पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे यह हादसा हो गया। चश्मदीदों का कहना है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक बोलेरो को ओवरटेक करते हुए कट मार दिया। ट्रक से संभावित टक्कर को टालने के प्रयास में बोलेरो चालक गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बेकाबू बोलेरो सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई।
गाड़ी पलटते ही उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रही परिवार की अन्य गाड़ियों में सवार लोगों ने तुरंत रुककर राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को क्षतिग्रस्त बोलेरो से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए झांसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
इस हादसे में दूल्हे आनंद कुशवाहा के अलावा सुमित कुशवाहा (22), अचिंद, शिवम कुशवाहा (27), करन कुशवाहा (25), कप्तान कुशवाहा (25) और मनीष कुशवाहा (17) घायल हुए हैं। रक्सा थाना प्रभारी उदय सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया है।




