उत्तर प्रदेशकानपुर

कानपुर में पारिवारिक विवाद का खूनी अंजाम: जीजा को पड़े थप्पड़ का बदला लेने आए देवर ने साली को गोलियों से भूना

कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र (सत्ती चौराहा) में रविवार शाम एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भाई को ससुराल में पड़े थप्पड़ से बौखलाए युवक ने बीच-बचाव करने आई उसकी साली (चांदनी) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने पांच अन्य साथियों के साथ हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला?

मृतका चांदनी की बहन सरोजनी की शादी गंगाघाट निवासी संतोष के साथ हुई थी। शराब पीकर मारपीट करने के आरोप में सरोजनी ने दो साल पहले पति के खिलाफ तलाक का मुकदमा दायर किया था और तब से वह अपने मायके में रह रही थी। रविवार दोपहर संतोष अपनी पत्नी सरोजनी से मिलने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों में कहासुनी हो गई और सरोजनी ने संतोष को थप्पड़ जड़ दिया।

इसी अपमान का बदला लेने के लिए शाम को संतोष का भाई विनोद, अपने चचेरे भाई अंशु और अन्य साथियों के साथ असलहों से लैस होकर वहां पहुंच गया। उस वक्त चांदनी अपनी बहन अंजलि के साथ खाना खा रही थी। आरोपियों ने आते ही सरोजनी को खोजना शुरू किया और विवाद बढ़ने पर विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी के पेट में गोली मार दी।

अस्पताल में तोड़ा दम और पुलिस की कार्रवाई

गोली लगने के बाद परिजन तुरंत चांदनी को केपीएम अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी शिवा सिंह मौके पर पहुंचे। मृतका की बहन अंजलि की तहरीर पर जीजा संतोष, उसके भाई विनोद, अजय और अंशु समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं।

रोती रह गई चार साल की मासूम

चांदनी ने सात साल पहले उपेंद्र नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था, जो पेशे से एक शेफ हैं। इस हत्याकांड के बाद चांदनी की चार साल की बेटी परी अपनी मां को पुकार-पुकार कर बिलख रही है, वहीं बेटी की मौत के सदमे से मां सुशीला देवी सुधबुध खो बैठी हैं।

Related Articles

Back to top button