देश

बेंगलुरु में पारिवारिक कलह का खूनी अंत, बांझपन के तानों से तंग आकर पत्नी ने पति के सीने में घोंपा चाकू

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के केम्पेगौड़ा नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले लक्ष्मीपुर इलाके में एक पत्नी ने पारिवारिक विवाद और लगातार मिलने वाले तानों से परेशान होकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 44 वर्षीय राजशेखर के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक में कर्मचारी था, जबकि आरोपी पत्नी का नाम 35 वर्षीय मालाश्री है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शादी के कई साल बाद भी इस दंपती की कोई संतान नहीं थी, जो उनके बीच विवाद का सबसे बड़ा कारण बन गया था। राजशेखर शराब पीने का आदी था और आरोप है कि वह अक्सर नशे की हालत में घर लौटता था। वह बच्चा न होने का सारा दोष मालाश्री पर मढ़ता था और उसे ‘बांझ’ कहकर न केवल मानसिक बल्कि शारीरिक रूप से भी बुरी तरह प्रताड़ित करता था।

यह जानलेवा घटना 11 नवंबर की रात की है। जानकारी के मुताबिक, उस रात भी राजशेखर शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और फिर से बच्चा न होने को लेकर पत्नी को ताने मारने लगा। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी बीच, रोज-रोज की प्रताड़ना और मारपीट से तंग आ चुकी मालाश्री ने आपा खो दिया। उसने गुस्से में रसोई से चाकू उठाया और सीधे राजशेखर के सीने में घोंप दिया।

हमले के बाद राजशेखर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खौफनाक घटना से पूरे लक्ष्मीपुर इलाके में सनसनी फैल गई है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि घटना वाली रात घर के अंदर वास्तव में क्या-क्या हुआ था। पुलिस आरोपी पत्नी से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button