
कानपुर के गोविंद नगर इलाके में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ठग ने पीड़ित के बैंक खाते से 2.80 लाख रुपये निकालने के बाद खुद फोन करके इसकी जानकारी दी और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की खुली चुनौती दे डाली।
डेरी संचालक ज्ञानू सिंह के इंडसइंड बैंक खाते में 22 जून को टीडीएस रिफंड के 2.36 लाख रुपये आए थे। इसके तुरंत बाद अनजान नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आने लगे। बैंक की सलाह के बावजूद किसी को ओटीपी या जानकारी न देने के बावजूद 25 जून को उनके खाते से 2.80 लाख रुपये गायब हो गए।
सबसे चौंकाने वाली बात शाम को हुई, जब ठग ने खुद फोन करके कहा, “मैंने ही तुम्हारे पैसे निकाले हैं, जाओ 1930 पर शिकायत कर दो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ सकता।”
गोविंद नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल के साथ मिलकर पुलिस ठग के नंबर और ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।




