देश

भोजपुर: भरत तिवारी फर्जी एनकाउंटर मामले में बिलौटी गांव में विशाल महापंचायत, प्रशांत किशोर भी पहुंचे

बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में बुधवार को भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर एक भव्य महापंचायत का आयोजन किया गया।

सुबह से ही हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव और आसपास के बक्सर-आरा फोरलेन इलाके को भरत तिवारी के न्याय की मांग वाले पोस्टर और बैनरों से पाट दिया गया। युवा हाथों में तिरंगा लेकर इंसाफ के नारे लगाते हुए पहुंचे।

प्रशांत किशोर का आगमन
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पीड़ित परिवार को समर्थन देने बिलौटी पहुंचे। उनके मंच पर आने के साथ ही युवाओं और समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

करणी सेना, परशुराम महासभा, हिंदू महासभा, ब्राह्मण महासभा और हिंदू जागरण मंच समेत कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों का दावा है कि 10 राज्यों (उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली आदि) से आए लोगों सहित 5 से 10 हजार से अधिक लोग महापंचायत में शामिल हुए।

युवाओं का संकल्प
महापंचायत में शामिल युवाओं ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बिहार की कानून-व्यवस्था और न्याय प्रणाली में आम जनता के विश्वास की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन विभिन्न चरणों में जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button