Bharat Bandh : पंजाब-हरियाणा और बिहार में सड़क मार्ग हुआ प्रभावित, कई जगह रेल ट्रैक पर बैठे किसान

कृषि विधेयक के खिलाफ किसान शुक्रवार को अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज राष्ट्रव्यापी भारत बंद बुलाया गया है। इस भारत बंद को 31 किसान संगठनों का सहयोग मिल रहा है। भारत बंद का व्यापक असर कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। किसानों ने बंद को सफल बनाने के लिए पंजाब-हरियाणा और बिहार में सड़क मार्ग को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। यहां तक किसान रेल ट्रैक पर बैठ गये हैं।

भारत बंद को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। वह संसद में पारित कृषि विधेयकों के खिलाफ बुलाए गये भारत बंद में हिस्सा ले रहे थे।

आपको बता दें कि बिहार में किसानों का प्रदर्शन सुबह से ही देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने गांधी सेतु के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जाम लगाने के साथ ही आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। वहीं वह सड़कों पर टायर आदि जलाकर भी विरोध करते हुए नजर आए। किसानों की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के बीच गाड़ियों की रफ्तार थम गई तो कई जगह राजमार्गों पर लम्बा जाम लग गया।

LIVE TV