
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के हिलवाड़ी गांव के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नजफगढ़ से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को एक बेकाबू और तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण दुर्घटना में 7 कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए दिल्ली के शाहदरा स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार छोड़कर फरार हुए आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी श्रद्धालु दिल्ली के द्वारका से इस इकोनॉमिक कॉरिडोर पर सवार हुए थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कांवड़ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद फॉर्च्यूनर कार में सवार तीन लोग मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को नीचे उतरवाया। वहीं, क्षतिग्रस्त कांवड़ को पुलिस और परिजनों द्वारा वापस सुरक्षित ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।



