
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई।
गोली चलने की तेज आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गोली युवक की बांह में लगी है, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटवा गांव के रहने वाले प्रमोद यादव शुक्रवार सुबह करीब पौने नौ बजे गांव में ही मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी दुश्मनी के चलते गांव के ही समीर यादव उर्फ ऋषि ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली प्रमोद की बांह को चीरती हुई निकल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानी की सराय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय ने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और फरार आरोपी समीर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


