अम्बेडकरनगर जिले की अकबरपुर पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो युवतियों को नौकरी और शादी का झांसा देकर राजस्थान और हरियाणा में बेचता था।
पुलिस ने गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरोह के चंगुल से एक युवती को सकुशल बरामद किया गया, जिसे 2 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय हो चुका था।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और युवतियों को फंसाकर दूसरे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचता था।
अम्बेडकरनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद युवती को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने पहले कितनी युवतियों को बेचा है।




