उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ के काकोरी शीतला मंदिर में पूजा के दौरान भेदभाव के आरोप, विधायक ने लगाया आरोप

लखनऊ के काकोरी कस्बे स्थित शीतला मंदिर में बुधवार को शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जातिगत भेदभाव के आरोपों को लेकर विवाद सामने आया। मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल ने मंदिर प्रशासन पर पूजा-अर्चना के दौरान उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने और उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया।

विधायक के बेटे विकास किशोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मंदिर प्रशासन पर सवाल उठाए, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। विधायक के प्रयास से पर्यटन विभाग ने मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 76 लाख रुपये मंजूर किए थे। कार्यक्रम में विधायक के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू, जिला कार्यालय मंत्री, मंडल अध्यक्ष विपिन राजपूत, सभासद प्रतिनिधि लवकुश यादव, मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता और पुजारी शैलेंद्र बाजपेयी मौजूद थे।

विधायक का आरोप है कि पूजा के दौरान उन्हें खड़ा रखा गया और उचित व्यवहार नहीं किया गया। उनके बेटे ने पोस्ट में आरोप लगाया कि पूजा पुजारी शैलेंद्र करा रहे थे, जबकि मंत्रों का उच्चारण रमाकांत गुप्ता कर रहे थे। पोस्ट के बाद आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय भारती कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। सूचना पर काकोरी इंस्पेक्टर सतीश राठौर पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति शांत कराई।

मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर सभी जाति और वर्ग के लोगों के लिए है तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया।

Related Articles

Back to top button