अखिलेश यादव ने बताया भाजपा को हारने का मास्टर प्लान, कांग्रेस को दिया सुझाव

राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के बाद उनके पुराने साथी और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस को नसीहत दी है। भाजपा को हारने का प्लान बताते हुए उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की जिम्मेदारी बनती है कि वो क्षेत्रीय दलों को आगे करें और उनके साथ खड़ी हो, ताकि भाजपा का मुकाबला किया जा सके

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने के बाद सियासत गर्मा गई है। विपक्ष के तमाम दलों ने अब एक सुर में बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बीच अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की जिम्मेदारी बनती है कि वो क्षेत्रीय दलों को आगे करें और उनके साथ खड़ी हो, ताकि भाजपा का मुकाबला किया जा सके। अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय दलों ने हमेशा क्षेत्रीय दलों का अपमान किया है। पहले यह कांग्रेस ने किया और अब भाजपा यह करती है। यह कांग्रेस के लिए एक मौका है, वे क्षेत्रीय दल को आगे रखें और फिर चुनाव लड़ें तभी वे भाजपा के खिलाफ जीत सकते हैं। यह कांग्रेस की जिम्मेदारी है।

बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा के सभी सीनियर से लेकर जमीनी नेता कह रहे हैं कि पिछड़ों का अपमान हो गया, लेकिन जब हमारे घर को, मुख्यमंत्री आवास को आप लोगों ने गंगाजल से धोया तब अपमान नहीं हुआ। पिछड़ों के घर को आप गंगाजल से धोएंगे तो किसी का अपमान नहीं, लेकिन अपने ऊपर कोई ऐसी बात हो जाए तो उन पर मुकदमा लग जाएगा। अखिलेश ने सवाल किया कि जिन लोगों ने मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धोया उन पर मुकदमा नहीं लगना चाहिए?”

LIVE TV