उत्तर प्रदेश

JPNIC के निजीकरण पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- सरकार आने पर होगी जांच

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (JPNIC) के निजीकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने केंद्र को निजी हाथों में सौंपने की तैयारियों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि यह केंद्र जनता के टैक्स के पैसे से बनाया गया था, फिर इसे निजी हाथों में क्यों दिया जा रहा है?

अखिलेश यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार 10 साल में भी इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं करा पाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “10 साल तक सरकार क्या सिर्फ जांच ही करती रही? यह सरकार लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर खलनायक का काम कर रही है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी के नाम में दो अक्षर ‘JP’ के ही हैं, लेकिन फिर भी वे उनके विचारों और धरोहर का अपमान कर रहे हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर बस चले तो बीजेपी वाले खुद अपनी पार्टी ‘बीजेपी’ को ही बेच दें।

सपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर JPNIC मामले में हुए भ्रष्टाचार की गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे खेल में जो भी अधिकारी शामिल हैं, उनकी भूमिका की भी जांच होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button