
आम आदमी पार्टी ने अयोध्या राम मंदिर में कथित दान घोटाले को लेकर केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है।
रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती के साथ पार्टी ने देशव्यापी ‘सिग्नेचर कैंपेन’ की शुरुआत की।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित चिट्ठी पर हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में हुई चोरी और घोटाले ने करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट के सदस्य प्रधानमंत्री के बेहद करीबी हैं, फिर भी इतना बड़ा घोटाला हुआ। उन्होंने एसआईटी और एफआईआर को खानापूर्ति बताया और कहा कि बड़े लोगों को बचाकर केवल छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील की कि अगर वे स्वयं को राम भक्त मानते हैं तो दोषियों को फांसी की सजा दिलाएं।
उन्होंने देश भर के राम भक्तों से अपील की कि वे हनुमान चालीसा का पाठ करें और अधिक से अधिक हस्ताक्षर जुटाकर प्रधानमंत्री को भेजें।



