
दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। सोना 2,800 रुपये टूटकर 1,45,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के तीन महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी 5,000 रुपये सस्ती होकर 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम के छह महीने के न्यूनतम स्तर पर आ गई।
चांदी की कीमत अब लगभग उसी स्तर पर पहुंच गई है जहां 24 दिसंबर 2025 को यह 2,27,000 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास थी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से निवेशक कीमती धातुओं से दूर हो रहे हैं, जिससे कीमतें लगातार गिर रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 21.15 डॉलर यानी 0.53% नीचे गिरकर 3,978.06 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जो नवंबर 2025 के बाद पहली बार 4,000 डॉलर के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे है।



