
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देते हुए 48.44 करोड़ रुपये के बड़े विकास पैकेज की सौगात दी।कौलागढ़ में आयोजित एक भव्य जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस विकास पैकेज में 29.41 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुकी 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ रुपये की लागत से शुरू होने वाले 13 नए विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।इसके साथ ही, क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने मंच से आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
स्थानीय नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए की गई इन घोषणाओं में जल निकासी, सड़क नेटवर्क, स्वच्छ पेयजल, उच्च शिक्षा और नगर पालिका विस्तार जैसे अहम विषय शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाएगी और हरबंस कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में उपलब्ध भूमि पर राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
यातायात को सुगम बनाने के लिए कांवली रोड के चौड़ीकरण और लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण की घोषणा की गई। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यमुना कॉलोनी के वार्ड 23, इंद्रापुरम के वार्ड 41 और हिंदलोक कॉलोनी के वार्ड 43 में भगवान शिव मंदिर के पास एक-एक नया ट्यूबवेल लगाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, गोविंदगढ़ के वार्ड 14 में चार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल लाइन का सुदृढ़ीकरण और विजय पार्क की लगभग पांच करोड़ रुपये की पेयजल योजना को आगामी कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही गई।मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भी भरोसा दिलाया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राजधानी देहरादून प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र है और राज्य सरकार इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र का उनके लिए विशेष महत्व है, क्योंकि मुख्यमंत्री आवास भी इसी क्षेत्र में स्थित है।
राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का जिक्र किया, साथ ही बताया कि हवाई सेवाओं और हेली कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी साझा किया।उन्होंने बताया कि अंत्योदय परिवारों को वर्ष में तीन निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर, सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, पेंशन, छात्रवृत्ति, सरकारी नौकरियों में खेल कोटा और स्वास्थ्य क्षेत्र में 208 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उत्तराखंड की प्रगति के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में राज्य ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।प्रदेश में गरीबी दर 2021-22 के 9.7 प्रतिशत से घटकर 2024-25 में 6.92 प्रतिशत रह गई है, जबकि स्टार्टअप्स की संख्या 2022 के 702 से बढ़कर अब 1,900 से अधिक हो गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि ये विकास परियोजनाएं स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी और उन्होंने सभी से विकास के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।



