उत्तराखंड

बिंदुखत्ता में ‘लोकठाट सांस्कृतिक महोत्सव’ का समापन: सीएम धामी ने लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि, 1,000 क्षमता के सांस्कृतिक सभागार समेत कई बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘लोकठाट सांस्कृतिक महोत्सव’ के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मेहरा के परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं कीं। उन्होंने बिंदुखत्ता में कम से कम 1,000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले एक भव्य सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी ऐलान किया कि दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में एक विद्यालय और एक स्टेडियम सहित विभिन्न प्रस्तावित विकास कार्य कराए जाएंगे।

दिवंगत लोक कलाकार को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं थे, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के सच्चे संवाहक थे। उन्होंने कहा कि मेहरा के गीतों में पहाड़ के जीवन की कठिनाइयां, महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की आकांक्षाएं और विभिन्न सामाजिक सरोकार जीवंत रूप से झलकते हैं। अपने संगीत के माध्यम से उन्होंने न केवल लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और मातृभूमि से जुड़े रहने की प्रेरणा भी दी।

सीएम धामी ने उनके प्रसिद्ध गीत ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बेटियों के सम्मान और अधिकारों का सशक्त संदेश देता है, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरे लगाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि वह अपने जीवन के बाद भी समाज को प्रेरित करता रहे, और प्रहलाद सिंह मेहरा ने लोक संगीत में अपने योगदान से यह मुकाम हासिल किया।

लोकठाट महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, बोलियों, संगीत और रीति-रिवाजों के प्रतीक हैं। ये सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल इसकी प्राकृतिक सुंदरता से ही नहीं, बल्कि इसकी जीवंत संस्कृति और परंपराओं से भी है, और इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और लोक कलाकार जीवन सिंह दानू को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी, नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टी.सी., लोक कलाकार कमल मेहरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button