उत्तराखंड

मंगलौर को सीएम पुष्कर सिंह धामी की बड़ी सौगात: लिब्बरहेड़ी में खुलेगा महिला डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर बनेगा पुल, गन्ना मूल्य वृद्धि पर जल्द निर्णय का आश्वासन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र के लिए कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की। मंगलौर में आयोजित ‘जन आशीर्वाद रैली’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना, गंगनहर पर पुल के निर्माण और नारसन खुर्द में पक्के नाले की सफाई व निर्माण की घोषणा की।

इसके साथ ही, उन्होंने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर सराय रजवाहे की पटरी पर सड़क निर्माण, टिकौला कलां में सिल्लाखाला से सुथराड़ा गांव की ओर तटबंध बनाने तथा ब्रह्मपुर जट गांव में सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

रैली के दौरान किसानों और स्थानीय निवासियों की प्रमुख मांगों पर भी मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाया। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम धामी ने आश्वस्त किया कि इस मामले का परीक्षण कराया जाएगा।

वहीं, गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार दरें बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहती है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष की दरों पर भी जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मंगलौर क्षेत्र की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह इलाका अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और लघु उद्यमी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं, और राज्य सरकार मंगलौर में मौजूद विकास की अपार संभावनाओं को अवसरों में बदलने के लिए लगातार प्रयासरत है।

क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए सीएम धामी ने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क ढांचे, पेयजल सुविधाओं और अन्य बुनियादी आवश्यकताओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि नारसन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी में आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button