
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी बढ़ गई हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड’ भगोड़ों की सूची में शामिल कर लिया है। इसके साथ ही, FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार और विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 लाख डॉलर (एक मिलियन डॉलर) तक का भारी-भरकम इनाम घोषित किया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, गोल्डी बराड़ पर ‘लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप’ (OCG) के उत्तरी अमेरिकी नेटवर्क के प्रमुख के तौर पर काम करने का गंभीर आरोप है। इस अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। FBI की इस शीर्ष सूची में नाम दर्ज होने के बाद अमेरिकी एजेंसियों की ओर से बराड़ के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को नई धार मिलने और उसकी तलाश और तेज होने की उम्मीद है।
गोल्डी बराड़ को दबोचने के लिए अमेरिका और कनाडा की सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से प्रयास कर रही हैं। इससे पहले, बीते 19 नवंबर को कनाडा ने भी उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख डॉलर तक का इनाम घोषित किया था।
यही नहीं, कनाडा के ‘बोलो प्रोग्राम’ (Bolo Program) द्वारा जारी 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची में गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा गया है। अमेरिका की FBI टॉप-10 सूची में शामिल होने और कनाडा की ओर से इनाम घोषित किए जाने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्डी बराड़ की तलाश और अधिक तेज होने की संभावना है।




