उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ के मलिहाबाद में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रही वैन और कार की आमने-सामने भिड़ंत, आठ साल की बच्ची व चालक की मौत; पांच घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरवा गांव के पास एक मारुति ओमिनी वैन और होंडा सिटी कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

इस हादसे में वैन चालक और आठ साल की एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद होंडा सिटी का चालक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वैन में सवार सभी लोग रहीमाबाद के दौलतपुर गांव में खंजन लाल की बेटी शैलेंद्री के विवाह समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित कुईयां मदारपुर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे मलिहाबाद के पुरवा गांव के पास सामने से आ रही होंडा सिटी कार ने वैन को टक्कर मार दी।

इस हादसे में वैन चला रहे उन्नाव के हसनगंज स्थित ऊंचा द्वार निवासी देशराज के पुत्र रामजी उर्फ अमित कुमार (20) की मौत हो गई। वहीं, रहीमाबाद के लुधई निवासी सर्वेश की आठ वर्षीय पुत्री प्रिया उर्फ आकांक्षी ने भी दम तोड़ दिया। कक्षा पांच में पढ़ने वाली प्रिया पिछले तीन दिनों से अपनी मां के साथ अपने ननिहाल कुईयां मदारपुर में रह रही थी और वहीं से शादी समारोह में शामिल होने गई थी।

इस भीषण दुर्घटना में मृतक बच्ची प्रिया की मां दयावती (30), आशिक (16), सरोज कुमारी (30), आनंद और दीपांशी (17) घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मलिहाबाद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मलिहाबाद पहुंचाया, जहां प्रिया की मां दयावती की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेज दिया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटनास्थल पर छोड़ी गई होंडा सिटी कार के फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

Related Articles

Back to top button