
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सगाई समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब फोटोग्राफी को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष और फायरिंग तक जा पहुंचा। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव नगला बाबू स्थित एक गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार शाम आयोजित समारोह के दौरान आरोप है कि नाराज फोटोग्राफर ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
कुछ ही देर में तमंचों से लैस आठ से दस युवक गेस्ट हाउस में आ धमके और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस अंधाधुंध फायरिंग में दूल्हे के पड़ोसी युवक कांति के सिर में गोली लग गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके भाई नीरज को हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नगला बाबू निवासी रमेश के बेटे विकास का बृहस्पतिवार शाम गांव के ही एक गेस्ट हाउस में सगाई समारोह चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, समारोह स्थल से कुछ सामान लेकर एक लोडर ऑटो बाहर निकल रहा था। इसी दौरान ऑटो की चपेट में आने से वहां काम कर रहे फोटोग्राफर की लाइट टूट गई। इसी बात को लेकर वहां कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस घटना से भड़के फोटोग्राफर ने फोन करके अपने दबंग साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने आते ही हथियार लहराते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजते ही सगाई समारोह में मौजूद मेहमानों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर की ओर भागने लगे। फायरिंग के दौरान सिर में गोली लगने से युवक कांति लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। अपने भाई की यह हालत देख जब नीरज उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, तो हमलावरों ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे वह भी जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुरसान थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कांति को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरसान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और घटना में शामिल अन्य फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



