देश

भारतीय से शादी करना भारत में रहने की गारंटी नहीं: दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की अमेरिकी महिला की याचिका, कहा- वीजा देना सरकार का विवेकाधिकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेशी नागरिकों के भारत में निवास और वीजा नियमों को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी भारतीय नागरिक से विवाह कर लेने मात्र से किसी विदेशी नागरिक को भारत में रहने का स्वतः कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता।

जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने एक अमेरिकी महिला की याचिका को खारिज करते हुए यह टिप्पणी की, जिसने एक भारतीय नागरिक से शादी के आधार पर अपने मौजूदा ई-टूरिस्ट वीजा को स्पाउस वीजा यानी एंट्री (X-1) वीजा में परिवर्तित करने की मांग की थी। अदालत ने दो टूक कहा कि विदेशी नागरिकों को देश में प्रवेश देने, वीजा जारी करने, उसमें बदलाव करने या उसकी अवधि बढ़ाने का निर्णय पूरी तरह से केंद्र सरकार और संबंधित सक्षम प्राधिकारियों के विवेक पर निर्भर करता है।

सुनवाई के दौरान आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों ने अदालत के समक्ष इस मामले की गहन जांच का ब्योरा पेश किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला के आवेदन की जांच केवल पति-पत्नी के बीच उम्र के अंतर तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसकी पिछली शादियों, भारत में लंबे प्रवास, आर्थिक स्थिति और विवाह के माध्यम से आव्रजन लाभ लेने के पूर्व प्रयासों को भी परखा गया था। रिकॉर्ड के अनुसार, महिला ने इससे पहले एक ओसीआई (OCI) कार्डधारक से शादी की थी, जिसके आधार पर उसे ओसीआई का दर्जा मिला था, लेकिन जुलाई 2021 में तलाक के बाद नवंबर 2023 में उसका यह दर्जा रद्द कर दिया गया।

इसके बाद दिसंबर 2022 में उसने दूसरी शादी की और वीजा बदलने का प्रयास किया, जो दस्तावेजों की कमी के कारण सफल नहीं हो सका और नवंबर 2025 में यह शादी भी टूट गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान शादी उसकी तीसरी शादी है और वह विवाह से पहले से ही अपने मौजूदा पति के घर में किराएदार के रूप में रह रही थी। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि यह विवाह आव्रजन लाभ हासिल करने के उद्देश्य से किया गया एक संभावित समझौता हो सकता है।

जस्टिस अमित महाजन ने आव्रजन अधिकारियों की दलीलों से सहमति जताते हुए कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद तथ्यों के मद्देनजर अधिकारियों का संदेह पूरी तरह उचित था। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले लुईस डी राएट बनाम भारत संघ (Louis De Raedt v. Union of India) का हवाला देते हुए संवैधानिक स्थिति स्पष्ट की।

कोर्ट ने कहा कि यद्यपि संविधान का अनुच्छेद 21 विदेशी नागरिकों को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार देता है, लेकिन अनुच्छेद 19(1)(e) के तहत भारत में रहने और बसने का मौलिक अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को ही प्राप्त है। इसके अलावा, अपने पुराने फैसले रंडा चेहाब बनाम भारत संघ का उल्लेख करते हुए पीठ ने दोहराया कि किसी विदेशी का भारत में प्रवेश या निवास राज्य के खिलाफ लागू कराया जाने वाला अधिकार नहीं है।

महिला ने अपनी याचिका में दलील दी थी कि उसने 7 दिसंबर 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाजों से निकाह किया था और 18 मार्च 2026 को स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत विवाह प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया था। इस पर हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि विवाह प्रमाण पत्र जारी हो जाने का अर्थ यह नहीं है कि आव्रजन अधिकारी शादी से जुड़ी परिस्थितियों और वीजा पात्रता की जांच नहीं कर सकते।

अदालत ने इस बात पर भी गौर किया कि महिला के पति ने उनके वैवाहिक संबंध और साथ रहने की पुष्टि के लिए कोई हलफनामा दाखिल नहीं किया था, हालांकि कोर्ट ने यह भी माना कि केवल हलफनामा न होना शादी को फर्जी साबित नहीं करता। महिला ने अधिकारियों पर बार-बार पूछताछ कर परेशान करने का आरोप लगाते हुए निर्वासन (डिपोर्टेशन) से सुरक्षा, वकील की मौजूदगी में सुनवाई और पांच लाख रुपये के मुआवजे की मांग की थी।

दिल्ली हाईकोर्ट ने सभी लंबित आवेदनों सहित याचिका को खारिज कर दिया, लेकिन यह स्पष्ट किया कि यह फैसला शादी की वैधता पर नहीं बल्कि केवल आव्रजन लाभ के दावे तक सीमित है, और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे महिला के किसी भी लंबित या भविष्य के आवेदन पर कानून के अनुसार निर्णय लें।

Related Articles

Back to top button