उत्तराखंड

उत्तराखंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए 17.75 करोड़ रुपये की योजनाओं को दी वित्तीय स्वीकृति

उत्तराखंड के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं के तहत प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संचालित होने वाले विकास कार्यों के लिए कुल 17.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

इन स्वीकृत परियोजनाओं में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों व मेला मैदानों का सौंदर्यीकरण, धर्मशालाओं का निर्माण, ग्रामीण पेयजल सुविधाओं का विस्तार और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के कार्य शामिल हैं। सरकार के इस फैसले से राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को नया बल मिलेगा, साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण व विकास को भी गति मिलेगी।

पर्वतीय जिलों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए टिहरी गढ़वाल जिले की प्रतापनगर विधानसभा में हुनेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण व सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसकी पहली किस्त के रूप में 59.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। इसी जिले की देवप्रयाग विधानसभा के कीर्तिनगर ब्लॉक स्थित ग्राम सभा बडोला के उरमन तोक में बिनसर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 36.19 लाख रुपये, जबकि डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

वहीं, पिथौरागढ़ जिले की धारचूला विधानसभा के गटघोरगड़ी गांव में नौलिंग मेला स्थल के विकास के लिए 79.49 लाख रुपये (पहली किस्त 47.69 लाख रुपये) और मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल व खच्चर मार्ग के निर्माण हेतु 29.84 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा, डीडीहाट विधानसभा की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्युरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, कल्वर्ट और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये की मंजूरी देते हुए 56.18 लाख रुपये की पहली किस्त स्वीकृत की गई है।

चंपावत जिले में भी विकास की कई अहम परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये (पहली किस्त 58.26 लाख रुपये) की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त, लोहाघाट विधानसभा में ही मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित अन्य विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2.20 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि मंजूर की गई है।

चंपावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा-सेला संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु स्वीकृत 81.96 लाख रुपये की लागत के सापेक्ष 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं। साथ ही, टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए 6.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से चालू वित्तीय वर्ष के लिए पांच करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मैदानी जिलों में पेयजल और स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। हरिद्वार जिले की झबरेड़ा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये (पहली किस्त 59.66 लाख रुपये) और भगवानपुर विधानसभा के ग्रामीण इलाकों में पेयजल उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 200 हैंडपंपों के निर्माण हेतु 1.01 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

इसके साथ ही, ऊधमसिंह नगर जिले की गदरपुर विधानसभा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों के लिए 184.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन तमाम परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के जीवन स्तर में सीधा सुधार देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button